Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

पेड़ बचाओ पर निबंध (Save Trees Essay In Hindi)

Photo of author
Ekta Ranga

पेड़ बचाओ पर निबंध (Save Trees Essay In Hindi)- कल की ही बात है जब मैंने देखा कि मेरे पड़ोस में ही बना एक छोटा पार्क उजाड़ा जा रहा था। वह लोग उस पार्क पर बुलडोज़र चला रहे थे। लोगों की भीड़ खड़ी थी वहां। लोगों से पूछने पर पता चला कि कोई दंपति उस पार्क को हटाकर वहां पर अपना घर बना रहे थे। मेरे मन में एक ही विचार आया कि जो दंपति पार्क को हटाकर घर बनवा रहे हैं, क्या वह भूल गए हैं कि उन्हें ऑक्सीजन उन्हीं पेड़ों से मिलता है जिनको वह काट रहे हैं।

पेड़ बचाओ निबंध (Essay On Save Trees In Hindi)

मैं वहां खड़ी-खड़ी सब देख रही थी। मुझे समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर मैं क्या करूं? पेड़ लोगों के सच्चे मित्र होते हैं और वह दंपति इसी मित्र का गला घोट रहे थे। आखिर क्या कसूर था उस पार्क के अनेकों पेड़-पौधों का। मैं दुखी मन के साथ अपनी दादी के पास गई और उन्हें यह खबर बताई। दादी ने मुझे उदास होने के लिए मना किया। फिर वह मुझे हमारे घर के बगीचे में ले गईं। वहां मेरी दादी ने मुझसे कहा कि मैं बगीचे के पेड़-पौधों के सामने यह प्रतिज्ञा लूं कि मैं हर हफ्ते एक नया पौधा लगाऊंगी। दादी की यह बात सुनकर मेरा दिमाग एकदम से शांत हो उठा। मैंने कसम खा ली कि चाहे भले ही लोग प्रकृति को नुकसान पहुंचा रहे हैं, लेकिन मैं अपनी तरफ से प्रकृति को नुकसान नहीं होने दूंगी।

पेड़ बचाओ पर निबंध

इस पोस्ट में हमने पेड़ बचाओ पर निबंध एकदम सरल, सहज और स्पष्ट भाषा में लिखने का प्रयास किया है। पेड़ बचाओ पर निबंध के माध्यम से आप जान पाएंगे कि हमारे जीवन में पेड़ों का क्या महत्व है, पेड़ से हमें क्या फायदे हैं और हमें किस तरह से पेड़ों को काटने से बचना चाहिए। तो चलिए हम निबंध पढ़ना शुरू करते हैं।

प्रस्तावना

आपने यह गौर किया होगा कि जब आप नाराज होते हो तो आपको बाहर जाने का मन करता है। नाराज होने पर आपको किसी पार्क में जाकर बैठने का मन होता होगा। पार्क या बगीचे की हरियाली देखकर आपके मन की सारी नाराज़गी खत्म हो जाती है। यह करिश्मा केवल प्रकृति में ही मौजूद है। प्रकृति में इतनी ताकत है कि वह बड़ी से बड़ी बीमारी को भी खत्म कर देती है। पेड़-पौधे हमेशा से ही मानव का साथ निभाते आए हैं।

ये निबंध भी पढ़ें

पर्यावरण पर निबंधयहाँ से पढ़ें
जलवायु परिवर्तन पर निबंधयहाँ से पढ़ें

पेड़ से हम अनेकों प्रकार की चीजें प्राप्त करते हैं जो कि हमारे अस्तित्व के लिए बहुत जरूरी हैं। यहां तक कि हमारा जो घर बनता है उसमें पेड़ का बहुत बड़ा योगदान रहता है। पेड़-पौधे हमारा संसार है। आज इतना प्रदूषण बढ़ जाने पर भी हम जिंदा इसलिए हैं क्योंकि हमें पेड़ों से ऑक्सीजन प्राप्त हो रहा है। पेड़ ने मनुष्य को कभी भी किसी भी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया। लेकिन क्या आज हम भी पेड़ों के प्रति उतने ही वफादार हैं। इसका साफ उत्तर है नहीं। हम अपनी प्रकृति के साथ लगातार खिलवाड़ कर रहे हैं।

पेड़ का महत्व

लंका में भंयकर युद्ध चल रहा है। चारों ओर से तीर बाण चल रहे हैं। इस युद्ध में श्री राम और लक्ष्मण जी पूरे जी जान से जुटे हुए थे। अचानक मेघनाद ने एक ऐसा तीर छोड़ा जो सीधा लक्ष्मण जी के छाती में आ लगा। तीर लगते ही लक्ष्मण जी बेहोश होकर गिर पड़े। भगवान राम चिंता के मारे सीधे अपने भाई की तरफ दौड़े। भगवान राम ने वैद्य से विनती की कि वह उनके भाई को बचा लें। वैद्य ने संजीवनी बूटी की पेशकश की। कहा कि संजीवनी बूटी से मृत व्यक्ति भी जिंदा हो सकता है।

श्री राम ने तुरंत हनुमान जी को आदेश दिया कि वह संजीवनी पर्वत से संजीवनी जड़ी बूटी लेकर आएं। श्री राम का आदेश पाकर हनुमान जी संजीवनी बूटी ले आए और लक्ष्मण जी फिर से जीवित हो उठे। इससे पता चलता है कि पेड़-पौधों की आवश्यकता सदियों से चली आ रही है। पेड़-पौधे हम सभी के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। पेड़ मनुष्य को छांव प्रदान करता है। पेड़ अपना बलिदान देकर मनुष्य को निवास स्थान प्रदान करवाता है। पेड़ से हमारा जीवन बनता है। पेड़ों के आसपास रहने से हमारा तन और मन स्वस्थ रहता है।

पेड़ के फायदे

(1) हमारे पर्यावरण में जब ज्यादा से ज्यादा पेड़ होते हैं तो वह पेड़ जलवायु परिवर्तन को रोकने में मदद करते हैं।

(2) पेड़ हम सभी प्राणियों को ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। यह हमारे लिए जीवनदायिनी की तरह काम करते हैं।

(3) पेड़ हमारे आस-पास के माहौल को स्वच्छ रखते हैं।

(4) पेड़ नदियों और तालाबों को साफ रखते हैं।

(5) जब हमारे वातावरण में खूब सारे पेड़ होते हैं तो हमारे ऊपर पराबैंगनी किरण का प्रभाव कम पड़ता है।

(6) पेड़ हमारे मानसिक स्वास्थ्य को सही रखते हैं। पेड़ हमें शांत बनाने में मदद करते हैं।

(7) पेड़ हमारे सच्चे संरक्षक होते हैं।

(8) पेड़ हमारे अंदर सहनशीलता के गुण का निर्माण करता है।

(9) हमारे आसपास जितने ज्यादा पेड़ होते हैं उतनी ही ज्यादा बारिश भी होती है।

(10) पेड़ हवा को साफ रखने में मददगार होते हैं।

(11) पेड़ हमारे सच्चे दोस्त की तरह हमारा साथ निभाते हैं।

पेड़ का राजा कौन है?

पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं। पेड़ हमें छांव देते हैं और हमें खाना प्रदान करते हैं। हमने अक्सर यह सुना है कि फलों का राजा आम होता है। और सब्जियों का राजा आलू कहलाया जाता है। लेकिन क्या आपको पता है कि पेड़ का राजा भी होता है। बहुत कम लोग ही यह जानते हैं कि पेड़ का राजा पीपल के पेड़ को माना जाता है। हमारे शास्त्रों में पीपल के पेड़ को सबसे महान माना जाता है। कहा जाता है कि पीपल के पेड़ पर देवताओं का निवास होता है। पीपल का पेड़ हमारे लिए बहुत ही शुभ होता है। बहुत से लोग पीपल के पेड़ की पूजा करते हैं। पीपल का पेड़ हमें पूरे दिन ऑक्सीजन प्रदान करवाता है।

पेड़ पर अखिलेश सिंह की कविता

पेड़ों की मौत

मैंने मर जाते हुए देखा है
बहुत से पेड़ों को
वे चीख़ते हुए गिर पड़ते थे
और धूल का ग़ुबार उठता था
एक सूनापन हमेशा के लिए थिर जाता था
कई बार उन्हें बहुत देर तक मारा गया
उनसे झरता रहा था बुरादा, पानी, गदु
कई बार वे वृद्ध होकर, गिरकर ख़ुद ही मर गए
और कई बार किसी ऊँचे ढूहे पर वे खड़े-खड़े ही मर गए
उनका शरीर पूरा काला पड़ गया था
उस समय वे अपने अकेलेपन से चीख़ा करते थे—रोज़ ब रोज़
उनकी देह को भीतर ही भीतर मकरोरे खा चुके थे
कुछ पेड़, गिरे और टिके रहे, देते रहे फल, आश्रय और मनो-विनोद
लेकिन फिर उनको भी मारा गया
पेड़ मर रहे थे चिड़ियाँ चिंचिया रही थीं
अंडे फूट रहे थे, संसार उजड़ रहा था
संसार उजड़ गया, पेड़ मर गए
पेड़ मर रहे थे, मैं छटपटा रहा था
लेकिन यह छटपटाहट उतनी नहीं थी कि वे देख सकें
उतना आवेग नहीं था कि उनकी हत्या रुके
मैं भी गवाह बना बड़ी-बड़ी कायाओं के सामूहिक हत्याकांड का
वे पेड़ मेरी स्मृतियों में हैं
उनके भूतो को दबा दिया गया है और
वहाँ मनुष्य की सफलता के झंडे फहरा रहे हैं
पेडों के विलाप में, अपने वंश के नाश की चिंता थी
मनुष्यों के आत्मघात पर क्षोभ था
खीझ थी वृक्ष-प्रेम के विज्ञापनों पर
जोकि किसी मृत पेड़ की देह से बने काग़ज़ पर छपा था
बचपन से लेकर जवान होने तक की मेरी समूची कहानी में
बहुत से पेड़ों की निर्मम मौतों की कहानी भी है।

पेड़ पर प्रसिद्ध शायरी

उसी पेड़ के नीचे दफ़्न भी होना होगा
जिस की जड़ पर मैं ने अपना नाम लिखा है
– अली अकबर अब्बास

पेड़ मुझे हसरत से देखा करते थे
मैं जंगल में पानी लाया करता था
– तहज़ीब हाफ़ी

इस बार इंतिज़ाम तो सर्दी का हो गया
क्या हाल पेड़ कटते ही बस्ती का हो गया
– नोमान शौक़

पेड़ को अपना ही साया नहीं मिलता लोगो
फ़स्ल अपनी कभी पाते नहीं बोने वाले
– अजय सहाब

आँधियाँ सब कुछ उड़ा कर ले गईं
पेड़ पर पत्ता न फल दामन में था
– अक़ील शादाब

पेड़ बचाओ पर निबंध 200 शब्दों में

हमारी प्रकृति बहुत ही सुंदर है। हमारी प्रकृति में पेड़-पौधे, फल-फूल, जानवर और अनेकों खूबसूरत पक्षी देखने को मिलते हैं। पेड़ हमारी धरती का सबसे बेहतरीन तोहफा हैं। पेड़ हमें छाया देते हैं। हमें लकड़ी प्रदान करवाते हैं। पेड़ हमारे जीवन में सकारात्मक उर्जा भरते हैं। पेड़ हैं तो ही हम हैं। पेड़ का महत्व जल बराबर है। पेड़ हमारा परिवार हैं। इस पृथ्वी का सौंदर्य पेड़ों से ही बढ़ता है। लेकिन आज हम इन्हीं पेड़ों के दुश्मन बने पड़े हैं। हम प्रकृति के साथ खिलवाड़ करने में लगे हैं।

आज हम पेड़ों को लगातार काट रहे हैं। मानव सिर्फ अपने मतलब के लिए पेड़ों की जिंदगी खत्म कर रहे हैं। लेकिन क्या ऐसा करना हम सभी के लिए अच्छा है? दरअसल हम अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी चला रहे हैं। आज मानव अपना आशियाना बनाने के चक्कर में पेड़ के जीवन की कीमत को नजरअंदाज कर रहा है। लेकिन अब हमें ही कदम उठाना होगा कि हम पेड़ की कीमत को समझें। हमें पेड़ों को कटने से रोकना होगा। हमें लोगों के बीच पेड़ों के महत्व को लेकर जागरूकता फैलाने होगी। जब हमारे वातावरण में खूब सारे पेड़ होंगे तब ही हमारा भविष्य उज्जवल हो पाएगा।

पेड़ बचाओ पर 10 लाइनें

(1) पेड़ हमारे जीवन के लिए अति आवश्यक हैं। पेड़ से हमें ऑक्सीजन प्राप्त होता है।

(2) जब हमारे वातावरण में खूब सारे पेड़ होते हैं तो वह जलवायु परिवर्तन को रोकते हैं।

(3) पेड़ से हमारे वातावरण की हवा शुद्ध होती है।

(4) जुलाई के पहले सप्ताह में वन महोत्सव मनाया जाता है।

(5) पेड़ हम सभी मानवों के लिए प्रकृति द्वारा दिया हुआ सुंदर तोहफा है।

(6) हमारे शास्त्रों में पीपल के पेड़ को बहुत ज्यादा महत्व दिया जाता है।

(7) पीपल का पेड़, बरगद का पेड़, नीम का पेड़, अशोक का पेड़, अर्जुन का पेड़ और जामुन का पेड़ हमें सबसे अधिक ऑक्सीजन प्रदान करवाते हैं।

(8) ज्यादा पेड़ होने से अच्छी बारिश की संभावना बहुत अधिक बढ़ जाती है।

(9) पेड़ हमें लकड़ी प्रदान करवाते हैं। लकड़ी हम सभी के लिए जरूरत की चीज होती है।

(10) हमें पेड़ों को बचाने का संकल्प लेना चाहिए।

FAQs
प्रश्न 1. पेड़ का हमारे जीवन में क्या महत्व है?

उत्तर- पेड़-पौधों की आवश्यकता सदियों से चली आ रही है। पेड़ हम सभी के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। पेड़ मनुष्य को छांव प्रदान करता है। पेड़ अपना बलिदान देकर मनुष्य को निवास स्थान प्रदान करवाता है।

प्रश्न 2. कौन से ऐसे पेड़ हैं जो सबसे अधिक ऑक्सीजन प्रदान करते हैं?

उत्तर- पीपल का पेड़, बरगद का पेड़, नीम का पेड़, अशोक का पेड़, अर्जुन का पेड़ और जामुन का पेड़।

प्रश्न 3. पेड़ों का राजा किसे कहा जाता है?

उत्तर- पीपल के पेड़ को पेड़ों का राजा माना जाता है। पीपल के पेड़ को सबसे पवित्र पेड़ माना जाता है।

प्रश्न 4. विश्व का सबसे लंबा पेड़ किसे माना जाता है?

उत्तर- यूकेलिप्टिस पेड़ को विश्व का सबसे लंबा पेड़ माना जाता है।

अन्य विषयों पर निबंध पढ़ने के लिएयहां क्लिक करें

Leave a Reply